मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से ग्रामीण महिलाओं में जोश, जीविका कार्यालयों पर उमड़ी भीड़

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत होते ही दरभंगा जिले के ग्रामीण इलाकों में महिलाओं के बीच गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। स्वरोजगार का सपना पूरा करने के लिए महिलाएं बड़ी संख्या में ग्राम संगठनों और संकुल संघों पर पहुंच रही हैं।

डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने खुद क्षेत्र का दौरा कर आवेदन प्रक्रिया का निरीक्षण किया और महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि आवेदन केवल जीविका कार्यालय से निःशुल्क प्राप्त करें और बिचौलियों से सावधान रहें।

आत्मनिर्भर बनने का मौका

योजना के तहत महिलाओं को शुरुआत में ₹10,000 की मदद दी जाएगी ताकि वे छोटा व्यवसाय शुरू कर सकें। व्यवसाय की प्रगति और जरूरत के आधार पर आगे चलकर ₹2 लाख तक की अतिरिक्त राशि भी दी जाएगी। पूरी राशि लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के जरिए भेजी जाएगी।

ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं अपने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आवेदन कर रही हैं, जबकि शहरी क्षेत्रों के लिए अलग ऑनलाइन पोर्टल बनाया गया है। आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक और पहचान पत्र अनिवार्य है।

18 तरह के व्यवसाय शामिल

संचार प्रबंधक राजा सागर ने बताया कि योजना में कुल 18 व्यवसायों को शामिल किया गया है। इनमें फल-सब्जी दुकान, किराना स्टोर, मोबाइल रिपेयरिंग, ब्यूटी पार्लर, कपड़े की दुकान, बकरी पालन, मुर्गी पालन और ई-रिक्शा संचालन जैसे काम शामिल हैं। महिलाएं चाहें तो अन्य व्यवसाय भी प्रस्तावित कर सकती हैं।

महिलाओं के सपनों को नई उड़ान

जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं ने कहा कि इस योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। अब वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारेंगी बल्कि बच्चों की पढ़ाई में भी सहयोग कर पाएंगी।

यह योजना महिलाओं को न सिर्फ आर्थिक मजबूती दे रही है बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दे रही है। सामाजिक बदलाव और महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह पहल मील का पत्थर साबित हो सकती है।