नेपाल के रौतहट और महोत्तरी जिलों में हैजा के मामलों की पुष्टि के बाद सीतामढ़ी जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार ने सभी सीमावर्ती प्रखंडों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं।
बैरगनिया, मेजरगंज, सोनबरसा, परिहार और सुरसंड प्रखंडों में स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उपकेंद्रों में दवाओं का पर्याप्त भंडारण किया जा रहा है। चिकित्सकों को संदिग्ध मरीजों की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड तैयार किए जा रहे हैं। ओआरएस, एंटीबायोटिक और अन्य आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। नेपाल सीमा से सटा परिहार प्रखंड सबसे अधिक संवेदनशील है। बरसात और गंदगी के कारण यहां पहले से ही जलजनित बीमारियों का खतरा है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से उबला या फिल्टर किया हुआ पानी पीने की अपील की है। खुले में शौच न करने और हाथ धोने की आदत डालने को कहा गया है। संदिग्ध लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
सीएमओ ने इस आदेश की प्रतिलिपि अनुमंडलीय अस्पताल प्रभारियों, सदर अस्पताल सीतामढ़ी और जिला स्वास्थ्य समिति को भेजी है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सावधानी बरतने की अपील की है।
