मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को सीवान के पचरुखी प्रखंड के नारायणपुर और पपौर गांव के दौरे पर पहुंचे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा और तैयारी की थी। इस दौरान सीएम ने 558.35 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 9 बड़ी योजनाओं का शिलान्यास किया।
सड़क परियोजनाओं की आधारशिला
सीएम का काफिला सबसे पहले नारायणपुर मोड़ (पचरुखी बाईपास) पहुंचा, जहां आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सड़क विभाग की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें प्रमुख हैं। 120.48 करोड़ से 13.8 किमी पचरुखी बाईपास मोहम्मदपुर मोड़ से छपिया-टेढ़ीघाट-गोपालपुर पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण। 18.26 करोड़ से 4.9 किमी भंटापोखर-जीरादेई पथ (वाया जामापुर बाजार) का चौड़ीकरण।
67.47 करोड़ से 16.25 किमी सिवान-आंदर पथ का चौड़ीकरण। 92.16 करोड़ से सिवान यार्ड से पचरुखी रेलवे स्टेशन के बीच रेल ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण।
विद्युत क्षेत्र की परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग की योजनाओं की भी आधारशिला रखी। इनमें शामिल हैं:
222.01 करोड़ से मैरवा में 220/132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र।
9.43 करोड़ से मशरख-महाराजगंज 132 केवी संचरण लाइन का द्वितीय सर्किट स्ट्रिंगिंग।
8.49 करोड़ से सिवान ग्रिड उपकेंद्र में 80 एमवीए ट्रांसफार्मर की स्थापना।
10.12 करोड़ से सोनकरा (आंदर) में 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र।
9.93 करोड़ से माधोपुर (महाराजगंज) में 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र।
लोगों से संवाद और मुलाकात
नारायणपुर के बाद सीएम मोहम्मदपुर मोड़ (एनएच 531) से छपिया-टेढ़ीघाट-गोपालपुर पथ का निरीक्षण करने पहुंचे। तत्पश्चात पपौर गांव में उन्होंने जीविका दीदियों, पेंशन लाभार्थियों, ममता और आशा कार्यकर्ताओं से संवाद किया।कार्यक्रम के अंत में सीएम ने स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और फिर पटना के लिए रवाना हो गए।
‘प्रगति यात्रा’ की घोषणाओं को जमीन पर उतारने की पहल
सीएम का यह दौरा उनकी ‘प्रगति यात्रा’ के दौरान की गई घोषणाओं को साकार करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इन योजनाओं के पूरा होने से सिवान जिले की सड़क और बिजली व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
