मायागंज में चल रहा था इलाज, घर से टहलने निकला था; तभी हुआ हादसा।
भागलपुर के मायागंज में सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक दिव्यांशु कुमार(18) कुमार है। जो मुंगेर के जानकी नगर निवासी है। परिजन ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा कि 3 सितंबर की रात करीब 10 बजे दिव्यांशु खाना खाने के बाद टहलने निकला था। इसी दौरान नया रामनगर के पास ट्रक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्र को तत्काल 112 की टीम ने सदर अस्पताल मुंगेर पहुंचाया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें भागलपुर रेफर कर दिया। मृतक को मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई।
छात्र को घंटों बिना दवा दिए रखा गया
मृतक के जीजा चंदन कुमार सिंह ने अस्पताल प्रशासन पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा “अगर समय पर इलाज और दवा दी जाती तो दिव्यांशु की जान बच सकती थी। यहां डॉक्टर और नर्सों ने लापरवाही बरती, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।”
परिजनो का आरोप है कि हादसे के बाद छात्र को घंटों बिना दवा दिए रखा गया और डॉक्टर बार-बार जांच में लापरवाही करते रहे। कई लोग मौके पर जुट गए और प्रशासन से जवाबदेही की मांग करने लगे। इधर, मुंगेर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अस्पताल अधीक्षक से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन नेटवर्क एरिया से बाहर बताया।
