किशनगंज में चोरी के मामले में एक आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर उग्र ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला ASI समेत तीन प्रशिक्षु ASI घायल हुए हैं। रेड के दौरान सभी सिविल ड्रेस में थे।
घटना के बाद पूरे इलाके में अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। फिलहाल पुलिस पर हमला मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
घटना खगड़ा रेड लाइट एरिया की है। रविवार को पुलिस की टीम 15 लाख रुपए की चोरी के एक मामले में आरोपी को पकड़ने के लिए वहां पहुंची थी। पुलिस ने कादिर को गिरफ्तार भी कर लिया और अपने साथ थाने ले जा रही थी। इसी दौरान आरोपी के परिजन और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और कादिर को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया।
महिलाओं की भीड़ ने ASI पुष्पांजलि भारती को घेर लिया। उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। साथ ही महिलाओं ने झाड़ू और डंडे से पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
इस हमले में पुष्पांजलि भारती समेत तीन प्रशिक्षु ASI सुधीर कुमार, प्रदीप कुमार और नीतीश कुमार घायल हो गए। सभी टाउन थाने में तैनात हैं।
पुलिस ने एक आरोपी महिला को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद SDPO वन गौतम कुमार, सदर थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक आरोपी महिला शहनाज बेगम को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
SDPO वन गौतम कुमार ने बताया कि ‘घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही CCTV फुटेज खंगाला जा रहा है। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।’
शराब और ड्रग्स की तस्करी में शामिल है आरोपी
SDPO ने बताया कि पुलिस की टीम चोरी के मामले में आरोपी कादिर के घर पर छापेमारी करने पहुंची थी। कादिर और उसका परिवार शराब और ड्रग्स की तस्करी करता है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो उसके परिजनों ने महिला पुलिस पदाधिकारी पुष्पांजलि भारती पर झाड़ू, लाठी से हमला कर दिया। इस दौरान कुल चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घर से चोरी करते सीसीटीवी में दिखा था
SDPO गौतम कुमार ने बताया कि 26 अगस्त को शहर के विकास गुप्ता के घर से 15 लाख रुपए के जेवरात और कैश की चोरी हुई थी। इस मामले में सदर थाने में कांड संख्या 485/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज गई थी।
इस मामले में पुलिस की जांच में कादिर का नाम सामने आया था। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार करना था।
