सीवान के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र से शनिवार को ओरमा उत्तर टोला गांव में जमीनी विवाद को लेकर 75 वर्षीय बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान उमानाथ पांडेय के बेटे जय गोविंद पांडेय के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों के अनुसार, मृतक का स्थानीय लोगों से जमीनी विवाद चल रहा था।

इसी विवाद को लेकर शनिवार को यह दुखद घटना घटित हुई। परिजनों का कहना है कि जय गोविंद पांडेय घर के आगे नहा रहे थे, तभी गांव के ही 4-5 लोग अचानक लोहे के रॉड और लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और उन पर हमला बोल दिया।

सिर में चोट लगने के बाद सदर अस्पताल में थे भर्ती

मृतक के बेटे अखिलेश पांडेय ने बताया कि हमलावरों ने पहले उनके पिता को बेरहमी से पीटना शुरू किया। जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की गई। हमलावरों ने जय गोविंद पांडेय के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया, जिससे उनका सिर फट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल सिवान सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।

 

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

थाना प्रभारी अशोक कुमार दास ने बताया कि यह घटना जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का परिणाम है। इस दौरान एक वृद्ध की मौत हो गई है। परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साथ ही नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

दोषियों पर कार्रवाई की मांग की

ग्रामीणों का कहना है कि मृतक का लंबे समय से जमीन को लेकर गांव के कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। कई बार आपसी कहासुनी भी हुई थी, लेकिन शनिवार को मामला मारपीट तक पहुंच गया, जिसमें एक निर्दोष बुजुर्ग की जान चली गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन न्याय और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।