भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद की उपसभापति नीलम देवी ने अजगैबीनाथ धाम क्षेत्र सहित बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था और स्वास्थ्य शिविर का जायजा लिया।
उपसभापति अपने समर्थकों के साथ सीढ़ी घाट, नमामि गंगे घाट, कृष्णगढ़, स्टेशन रोड, शाहाबाद, बैकुण्डपुर, मुंशी पट्टी सहित कई वार्डों में पहुंचीं। निरीक्षण के बाद उपसभापति नीलम देवी ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सभापति राजकुमार गुड्डू के दावे के अनुसार 40 महिलाएं सफाई काम में लगी हैं, लेकिन निरीक्षण के दौरान मात्र चार महिलाएं सफाई करती मिलीं। नीलम देवी ने कहा कि शहर में कूड़े का अंबार लगा है और साफ-सफाई के नाम पर घोटाला किया जा रहा है।
फॉगिंग की व्यवस्था भी नहीं की
उन्होंने आगे कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है। पदाधिकारियों से बातचीत के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि सभापति की ओर से जानबूझकर राहत राशि देने में बाधा डाली जा रही है।
उपसभापति ने कहा कि शहर व बाढ़ प्रभावित इलाकों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और फॉगिंग की व्यवस्था भी नहीं की गई है। जबकि इसका प्रस्ताव पहले ही दिया जा चुका है। इस मौके पर वार्ड पार्षद रीता देवी और कई ग्रामीण महिलाओं ने भी सभापति पर लापरवाही का आरोप लगाया।
उनका कहना था कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी तरह की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। निरीक्षण के दौरान ग्रामीण विपिन मंडल सहित कई लोग मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने उपसभापति से जल्द कार्रवाई की मांग की। ताकि सफाई व्यवस्था दुरुस्त हो। बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा व स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर मिल सकें।
