लहेरियासराय थाना के बेलवागंज मुहल्ले में बिहार बंद के दौरान बवाल: टायर जलाने से मना किया तो बरसीं चाकू, दो युवक जख्मी

दस्तक 7मीडिया ,गुड्डू राज 

बीजेपी के बंद के दौरान बेलवागंज में माहौल अचानक बेकाबू हो गया। मुख्य सड़क पर टायर जलाने को लेकर हुए विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। टायर जलाने से आपत्ति जताने पर कुछ युवकों ने न सिर्फ दबाव बनाया बल्कि चाकूबाजी कर दी।इस वारदात में रोहन और आदित्य नायक घायल हो गए।

भाजपा के नगर उपाध्यक्ष पर पीड़ित ने लगाया आरोप ,नगर उपाध्यक्ष ने कहा आरोप गलत 

पीड़ित परिवार ने सीधा आरोप भाजपा नगर उपाध्यक्ष सतीश पर लगाया है। परिजनों का कहना है कि सतीश के इशारे पर ही हमलावरों ने चाकू निकाले। परिवार की दलील है कि उनकी बुजुर्ग मां हार्ट की मरीज हैं, इसलिए उन्होंने सिर्फ इतना कहा था कि टायर आगे या पीछे जलाया जाए, लेकिन यह बात हमलावरों को नागवार गुजरा और उन्होंने हमला कर दिया।

पिंकू नायक और उनकी पत्नी विनीता नायक ने साफ कहा है – “हम बंद के खिलाफ नहीं थे, हम भी समर्थन में थे। लेकिन हमारे घर के सामने टायर जलाकर परिवार को परेशान करने की कोशिश की गई। विरोध करने पर हमारे ही बच्चों पर चाकू चला दिया गया।”

उधर, नगर उपाध्यक्ष सतीश ने आरोपों को नकारते हुए कहा – “मैंने तो बीच-बचाव किया था, किसने चाकू मारा मुझे मालूम भी नहीं।”

स्थानीय लोगों का कहना है कि चाकूबाजी होते ही सभी हमलावर मौके से खिसक गए और आगे जाकर जाम का हिस्सा बन गए।

अब पीड़ित परिवार लहेरियासराय थाना में लिखित शिकायत देने की तैयारी में है।