दरभंगा में PM मोदी की माता पर टिप्पणी को लेकर बवाल, एनडीए ने किया चक्का जाम

दस्तक7मिडिया, बिरौल/गौड़ा बौराम,दरभंगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माता पर महागठबंधन के नेताओं द्वारा की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को बिरौल अनुमंडल आक्रोशित हो उठा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगी दलों, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के कार्यकर्ताओं ने इस अपमानजनक बयान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए सुपौल बाजार शहीद भगत सिंह स्मारक चौक, बिरौल गंडौल मुख्य मार्ग, सतीघाट-बिरौल,बेर चौक कुशेश्वरस्थान की प्रमुख सड़कों पर चक्का जाम कर दिया। इस विरोध प्रदर्शन के कारण पूरे इलाके में यातायात व्यवस्था चरमरा गई। बिरौल में गौड़ा बौराम विधानसभा संयोजक मणिकांत मिश्र, बिरौल गंडौल मुख्य मार्ग पर मंडल अध्यक्ष पंकज झा, सतीघाट में मणिकांत झा इस कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे थे।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब “वोटर अधिकार यात्रा” के दौरान दरभंगा में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की माता के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। इस टिप्पणी के सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखा गया।
एनडीए ने इस घटना को लोकतंत्र की मर्यादा के खिलाफ बताते हुए महागठबंधन के प्रमुख घटक दलों, कांग्रेस और राजद, से सार्वजनिक माफी की मांग की है। एनडीए के नेताओं का कहना है कि राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी भी नेता के परिवार, खासकर दिवंगत सदस्यों पर ऐसी व्यक्तिगत और अभद्र टिप्पणी करना भारतीय संस्कृति और राजनीति की गरिमा के खिलाफ है।
बिहार बंद के आह्वान के तहत, दरभंगा जिला अंतर्गत बिरौल, बेनीपुर और कुशेश्वरस्थान सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर भाजपा, जदयू, हम और भाजपा-जदयू महिला मोर्चा के कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतर आए। उन्होंने राहुल गांधी तथा तेजस्वी यादव के खिलाफ नारेबाजी करके अपना विरोध जताया।दिन के 12 बजे कार्यक्रम समाप्त हो गया