सुपौल जिले के सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चांदपीपर पंचायत वार्ड संख्या 9 में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। 16 वर्षीय मनीष कुमार की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना से पूरे गांव में सन्नाटा छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार, मनीष कुमार पिता कमल मंडल साइकिल से घर से कुछ दूरी पर स्थित रेलवे लाइन पार कर रहा था। इसी दौरान सरायगढ़ से सुपौल की ओर जा रही एक ट्रेन का इंजन उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मनीष की मौके पर मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे से स्थानीय लोग भी सकते में हैं।

मनीष दसवीं कक्षा का छात्र था, पढ़ाई में था तेज

हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में शव को उठाकर अपने घर ले आए और परंपरागत रीति-रिवाज के अनुसार दाह संस्कार कर दिया। मृतक के पिता कमल मंडल ने बताया कि मनीष कुमार उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय चांदपीपर में दसवीं कक्षा का छात्र था। पढ़ाई में वह काफी मेधावी था, लेकिन जन्म से ही गूंगा और बहरा था। इसी कारण यह दर्दनाक घटना हो गई।

घटना से पूरा परिवार दुखी, रो- रोकर सबका बुरा हाल

मनीष दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाई का नाम अभिमन्यु कुमार है। मां गीता देवी और पिता कमल मंडल बेटे की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गए। पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम का माहौल है और ग्रामीण भी परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।

इधर, घटना की जानकारी भपटियाही थाना पुलिस को भी दी गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि परिजन के द्वारा शव का दाह संस्कार कर देने के कारण पुलिस जांच की औपचारिकता आगे की प्रक्रिया पर निर्भर करेगी।