सुपौल में मंगलवार की सुबह से मौसम शुष्क बना हुआ है। आसमान में बादल छाए हुए है, बूंदाबांदी हो रही है। उधर, पड़ोसी देश नेपाल में झमाझम बारिश की वजह से कोसी नदी के जलस्तर में रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी दर्ज की गई है। देर रात 1 बजे बराह से 2 लाख 75 हजार 115 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया। 56 में से 34 फाटक खोल दिया गया है।

हालांकि, देर रात से कोसी के जलस्तर में गिरावट हो रही है। लेकिन सुपौल के बसंतपुर, निर्मली, मरौना, सरायगढ़-भपटियाही, किशनपुर और सदर अंचल इलाके में पूर्वी-पश्चिमी तटबंध के भीतर बसे गांवों के निचले इलाके में बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है। खेत-खलिहान डूब गए है।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

इधर, सुपौल डीएम सावन कुमार के नेतृत्व में विभिन्न सुरक्षा तटबंध और स्परों की सुरक्षा के मद्देनजर अभियंताओं की टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जगह-जगह अभियंता की टीम मुस्तैद है और शतत निगरानी बरती जा रही है। बताया जा रहा है कि कोसी नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की वजह से बाढ़ ग्रस्त निचले इलाके में रह रहे लोग अब ऊंचे स्थान की ओर पलायन कर रहे है।

जगह-जगह लोगों को सुरक्षित स्थान तक लाने के लिए सरकारी स्तर से नाव और नाविकों की व्यवस्था करा दी गई है।