किशनगंज में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय, अंतरराज्यीय और अंतरजिला सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस वाहनों की गहन जांच कर रही है। बिना जांच किसी भी वाहन को आगे नहीं जाने दिया जा रहा। किशनगंज में एसडीपीओ वन गौतम कुमार और ठाकुरगंज में एसडीपीओ टू मंगलेश कुमार के नेतृत्व में यह अभियान चल रहा है।
पुलिस होटलों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पताल और राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष निगरानी रख रही है। भारत-नेपाल और भारत-बांग्लादेश सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग जारी
होटल संचालकों को निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के ठहरने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। एसपी सागर कुमार स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सीमावर्ती थानों के थानाध्यक्षों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है।
नए व्यक्ति के आने पर थानाध्यक्ष को दे सूचना
सीमावर्ती थाना के थानाध्यक्षों को एसएसबी से समन्वय बनाकर गश्ती का निर्देश दिया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में चौकीदारों को यह निर्देश दिया गया है कि गांव में किसी भी नए व्यक्ति के आने पर संदिग्ध लगने की आशंका होगी तो संबंधित थाना के थानाध्यक्ष को सूचना देंगे।
किशनगंज जिला दो दो अंतरराष्ट्रीय देश बांग्लादेश व नेपाल से सटे होने के कारण सुरक्षा के दृष्टिकोण से पहले से ही संवेदनशील माना जाता है। जिले से बंगाल राज्य की सीमा लगती है।साथ ही दो -दो सीमावर्ती जिले की सीमा भी लगती है।साथ ही किशनगंज को सात राज्यों का प्रवेश द्वार भी कहा जाता है।ऐसे में सुरक्षा को लेकर उक्त जिला कई मायने में महत्वपूर्ण है।
