दरभंगा,विधि संवाददाता।

सिविल कोर्ट दरभंगा में गुरुवार को राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक मामले के निपटारे के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार की बैठक हुई। 9 सितम्बर को राष्ट्रीय लोक अदालत लगेगी। इस अदालत को सफल बनाने के लिए जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार का अध्यक्ष विनोद कुमार तिवारी के निर्देश पर तैयारी की समीक्षा के लिए बैठक हुई। अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन के मद्देनजर सदर एसडीपीओ एवं थानाध्यक्षों के साथ अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार का सचिव श्रीराम झा ने एडीआर भवन में बैठक किया। थानाध्यक्षों को निर्देशित करते हुए श्री झा ने कहा कि लोक अदालत में उपस्थित होने के लिए संपूर्ण जिले में अबतक लगभग 22 हजार पक्षकारों को नोटिस भेजा गया है। जिसमें करीब 8 हजार 500 न्यायालय में लंबित मामलों से और करीब 13 हजार नोटिस बैंकों से संबंधित मामलों के हैं। इन सभी नोटिसों का तामिला सही ढंग से कराकर तामिला रिपोर्ट प्राधिकार कार्यालय में जमा कराए। उन्होंने कहा कि लोक अदालत की सफलता के लिए सभी नोटिसों का तामिल होना जरूरी है। साथ ही श्री झा ने थानाध्यक्षों से कहा कि मोटर वाहन अधिनियम मामले में माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा पारित आदेश का पालन अवश्य हो। मोटर वाहन एक्ट के तहत दर्ज फर्स्ट एक्सिडेंट रिपोर्ट की सूचना प्राधिकार कार्यालय को भी उपलब्ध करावें। सभी थानाध्यक्षों ने नोटिस तामिला कराकर रिपोर्ट करने की बात कही।इस महत्वपूर्ण बैठक में हजारों लोगों को मुकदमे से मुक्ति दिलाने के लिए प्रयास करने का रुप रेखा तैयार किया गया।राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी।