किशनगंज के टेढ़ागाछ प्रखंड के चिल्हनियां पंचायत में स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र की स्थिति दयनीय हो चुकी है। बेतबाड़ी के वार्ड नंबर 7 में स्थित यह भवन वर्षों से अधूरा पड़ा है।

करोड़ों रुपये की लागत से बना यह सरकारी भवन अब खंडहर में तब्दील हो गया है। स्थानीय लोग इसका उपयोग आशियाना बनाने, जलावन रखने और कचरा फेंकने के लिए कर रहे हैं। इससे पूरे भवन परिसर में गंदगी का अंबार लग गया है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि पंचायत भवन की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। विभागीय अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है। अधिकारियों से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन तक नहीं उठाया।

अनिल कुमार मंडल, राजेश कुमार मंडल समेत कई ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी से भवन की सफाई और अधूरे कार्यों को पूरा करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे पंचायत की बैठकें और ग्रामीण कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगे।

पूर्व पंचायत समिति सदस्य सीता देवी ने विभागीय लापरवाही पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो भवन पूरी तरह जर्जर हो जाएगा। उन्होंने प्रशासन से अधूरे कार्य को जल्द पूरा करने की मांग की है।