बहेड़ी में वोटर अधिकार जागरूकता यात्रा शुरू,मतदाता सूची में नाम जोड़ने का किया गया आह्वान

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

भाकपा माले बहेड़ी प्रखंड कमिटी की ओर से हायाघाट विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में “वोटर अधिकार जागरूकता यात्रा” की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत दो प्रचार गाड़ियां बहेड़ी प्रखंड के अलग-अलग पंचायतों में जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। इस यात्रा का उद्देश्य यह है कि सघन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने लोगों से अपील की कि वे बूथ स्तर पर सक्रिय रहें और एक-दूसरे की मदद करें ताकि सबका नाम सूची में दर्ज हो सके। आज दो अलग-अलग टीमों ने क्षेत्र के कई गांवों का दौरा किया।
पहली टीम का नेतृत्व रामविलास मंडल,संतोष सिंह,मोहन पासवान और मो.अख्तर कर रहे थे। इस टीम ने हथौड़ी दक्षिणी और उत्तरी,चकवा भरवारी और घोषरममा पंचायत के गांव-टोले में जाकर खासकर गरीब तबके के लोगों को जागरूक किया। साथ ही 27 अगस्त को शोभन में आयोजित वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होकर अपनी दावेदारी पेश करने का आग्रह किया।दूसरी टीम,जिसका नेतृत्व अमर राम,शंभू साह,कौशल मुखिया और अजय राम कर रहे थे,उन्होंने गुजरौली,रमौली,हरहच्चा, निमैथी,धनौली,जोरजा और पधारी पंचायतों का दौरा किया। इस दौरान भाकपा माले के राज्य कमिटी सदस्य अभिषेक कुमार ने कहा कि गरीबों और वंचितों के वोट को छीनने की भाजपा और मोदी सरकार की साजिश के खिलाफ सबको एकजुट होकर मुकाबला करने के लिए तैयार रहना चाहिए।