जमुई के सिकंदरा में गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कुंडघाट और लछुआड़ के बीच एक अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों में रामडीह निवासी विक्की कुमार (28), नीरज कुमार (24) और विक्की कुमार (23) शामिल थे। तीनों युवक कुंडघाट घूमने गए थे। वापसी के दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और फरार हो गया। हादसे में तीनों बेहोश हो गए।

कुछ देर बाद एक युवक को होश आया और उसने परिजनों को सूचना दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को सिकंदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान योगेंद्र राम के पुत्र विक्की कुमार की मौत हो गई।

अन्य दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक युवक जेसीबी ड्राइवर था। वहीं घटना के बाद पत्नी गुड़िया देवी का रो-रो कर बुरा हाल है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य केंद्र पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। शुक्रवार सुबह 7 बजे सिकंदरा पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया।