सीतामढ़ी जिले में नल-जल योजना में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। नानपुर थाना क्षेत्र के मोहनी गांव के वार्ड सदस्य सुरेश मांझी को गिरफ्तार किया गया है।

पंचायत सचिव अनंत कुमार सिंह की शिकायत पर नानपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में दो लोगों को आरोपी बनाया गया। अवर निरीक्षक अंजली कुमारी ने सशस्त्र बलों की मदद से आरोपी को पकड़ा।

वित्तीय वर्ष 2024 में नल-जल योजना का निर्माण कार्य वार्ड सदस्य के माध्यम से कराया गया था। आरोपी वार्ड सदस्य ने सरकारी नियमों के अनुसार किए गए कार्य का विस्तृत लेखा-जोखा विभाग को नहीं सौंपा। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारी के आदेश पर मामला दर्ज कराया गया।

प्रभारी थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार के अनुसार, यह मामला नानपुर थाना कांड संख्या 510/24 से जुड़ा है। आरोपी की मेडिकल जांच के बाद उन्हें सीतामढ़ी न्यायालय भेजा गया। बुधवार को गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।