गौड़ाबौराम के अख्तवारा में बलान नदी में डूबा बच्चा, दो बचाए गए,एक की खोज जारी

दस्तक7मिडिया, अमीत झा, गौड़ा बौराम।

गौड़ाबौराम प्रखंड क्षेत्र के अख्तवारा गांव में सोमवार दोपहर एक दुखद घटना घट गई, जहां बलान नदी में स्नान करने के दौरान तीन बच्चे तेज बहाव की चपेट में आ गए। इस घटना में दो बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि मोहम्मद सूफियान (10) नामक बच्चे की तलाश अभी भी जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बौराम निवासी मो. सूफियान पिता मो.नौशाद जो अपनी मां के साथ दो दिन पहले ननिहाल अख्तवारा गया था। सोमवार को वह दो स्थानीय बच्चों के साथ बलान नदी में नहाने गया। नदी की तेज धारा के कारण तीनों बच्चे पानी में डूबने लगे। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय पशुपालक ने तत्परता दिखाते हुए दो बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया। हालांकि, मो. सूफियान नदी की तेज धारा में बह गया और उसकी खोजबीन जारी है।
सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय से NDRF की टीम और गोताखोर तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और बच्चे की तलाश में जुट गए हैं। बौराम पंचायत के मुखिया आशिफ जमाल ने बताया कि डूबे हुए बच्चे की तलाश नदी में आगे कोठाराम तक की गई, लेकिन मो.सूफियान का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है, मो. सूफियान के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।