भागलपुर में ट्रक के केबिन से 15 हजार कैश और स्मार्टफोन की चोरी हुई है। ड्राइवर ने एक चोर को पकड़ लिया, दूसरा मौके से भागने में कामयाब रहा। आरोपी को पुलिस को सौंप दिया गया है। घटना मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के मंसर मोड़ के पास की है।
ड्राइवर फूलो यादव ने बताया कि गाड़ी अनलोड करने के बाद मालिक से 15 हजार रुपए मिले थे। सुबह बाहर से लौटा तो एक युवक को केबिन में देखा। शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हो गए। उसे पकड़ लिया। आरोपी श्रवण कुमार किशनपुर मोड़ का रहने वाला है। उसका साथी कैश और स्मार्टफोन लेकर भाग गया।
आवेदन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी
इस संबंध में थानाध्यक्ष सफदर अली ने बताया कि जांच की जा रही है। अभी तक लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कम उम्र के युवक कर रहे चोरी
जिले के आसपास के इलाकों में इन दिनों चोरी की घटना बढ़ गई है। अधिकांश चोरी की घटना में कम उम्र के युवा शामिल है। लोगों ने बताया की नशे की लत होने के कारण चोरी की घटना को अंजाम दे रहे। जगदीशपुर, नाथनगर, मधुसूदनपुर समेत कई इलाकों मे हाल के दिनों मे पकड़ाए चोर की उम्र 15-20 साल के बीच है। 10 दिन पहले कजरैली इलाके के कुमरथ गांव से एक रात 15 मोबाइल और 12 हजार कैश की चोरी हुई थी।
