खगड़िया के गोगरी थाना क्षेत्र के इटहरी गांव में एक अवैध हथियार फैक्ट्री पर प्रशासन ने छापेमारी की। जिला एसटीएफ और गोगरी पुलिस ने शनिवार को संयुक्त कार्रवाई की। जिसमें आरोपी मोहम्मद शेख जहांगीर के दो बेटों मोहम्मद जावेद और मोहम्मद शरीफ को गिरफ्तार किया है।
गोगरी थानाध्यक्ष अजीत कुमार के अनुसार छापेमारी में एक देसी कट्टा बरामद किया गया है। साथ ही कई अर्धनिर्मित हथियार, कटर, बैरल और स्प्रिंग भी जब्त किए गए हैं।
26 अप्रैल को पुलिस ने शेख जहांगीर, उसके बेटे मोहम्मद शरीफ और सफी आलम को गिरफ्तार किया था। जेल से रिहा होने के मात्र एक सप्ताह बाद जहांगीर ने फिर से अवैध हथियारों की फैक्ट्री शुरू कर दी।
इटहरी में यह तीसरी बार अवैध हथियार फैक्ट्री पकड़ी गई है। 2015 में भी इटहरी फुदकिचक में छापेमारी की गई थी। उस समय शेख जहांगीर को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने चार कट्टा, देसी पिस्तौल, छह खोखा और एक लेंथ मशीन समेत कई उपकरण बरामद किए थे।
पुलिस इस फैक्ट्री के किसी बड़े गिरोह से संबंध की जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
