जमुई के सिमुलतला स्थित ऐतिहासिक राजा कोठी परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रीकृष्ण बाल लीला पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। सुप्रसिद्ध भजन गायक टिंकू बाबा, भजन गायिका राजलक्ष्मी सिंह और रूपा सिंह राजपूत की टीम ने कृष्ण भजनों की प्रस्तुति दी।

कलाकारों ने कृष्ण जन्म पर आधारित नृत्य और नाटक प्रस्तुत किए। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कार्यक्रम का आनंद लिया।

15 हजार श्रद्धालु हुए शामिल

जमुई और बांका जिले के विभिन्न गांवों से लगभग 15 हजार श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल के आसपास छोटे-छोटे स्टॉल और दुकानें लगी थीं। आयोजन की शुरुआत क्षेत्र के सम्मानित लोगों और जनप्रतिनिधियों के सम्मान से हुई।

पूजा समिति के पवन यादव, योगेंद्र यादव, अनिल यादव, श्रीकांत यादव, बब्लू यादव, मनीष यादव सहित कई युवाओं ने कार्यक्रम को सफल बनाया। सिमुलतला पुलिस ने भीड़ को देखते हुए सुरक्षा का विशेष प्रबंध किया। पूरी रात परिसर राधे-राधे और जय श्री कृष्ण के जयकारों से गूंजता रहा। राजा कोठी में प्रतिवर्ष कृष्ण जन्माष्टमी पर इस तरह का भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।