दरभंगा से 18 वर्षीय कृष्ण कुमार का अपहरण, परिजनों ने जताई हत्या या बेचने की आशंका

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र से एक 18 वर्षीय युवक कृष्ण कुमार मंडल के अपहरण का मामला सामने आया है। युवक की मां मधु देवी ने बिरौल थाना में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने अपने बेटे का अपहरण कर गायब कर देने की बात कही है और उसकी हत्या या बेचे जाने की आशंका जताई है।
शिकायत के अनुसार, कृष्ण कुमार मंडल प्रतिदिन की तरह 14 अगस्त 2025 को दोपहर करीब 1 बजे प्रिंस आर्ट सुपौल कोचिंग सेंटर के लिए घर से निकला था। शाम 6-7 बजे जब उसकी मां मधु देवी ने उसके मोबाइल नंबर 7870658858 पर फोन किया तो उसने बताया कि कोचिंग खत्म हो गई है और वह घर आ रहा है। काफी इंतजार के बाद भी जब कृष्ण घर नहीं लौटा तो उसकी मां ने दोबारा फोन किया, लेकिन इस बार उसका फोन स्विच ऑफ बताया।
मधु देवी ने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की तो उन्हें पता चला कि शिवनाथ झा, विजय पंडित, सोनू मंडल (सभी खानपुर, बिरौल, दरभंगा के निवासी), उनके सहयोगी दानिश सा.ग्यारी, बिरौल और बलराम नामक व्यक्ति (जो यूपी के रहने वाले हैं और पोखराम में शरण लेकर रहते हैं) ने मिलकर उनके बेटे का अपहरण कर लिया है। मधु देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि ये लोग गलत कामों में संलिप्त हैं और उनके बेटे की हत्या कर सकते हैं या उसे बेच सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को है, और पोखराम के आदर्श झा नामक व्यक्ति कृष्ण को बस स्टैंड से पोखराम ले गया था। इस मामले को एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने गंभीरता से लिया है और थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह को आवश्यक निर्देश दिए हैं, उनके निर्देश पर पुलिस ने चार लोगों को थाना लाकर पूछताछ कर रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि अपहृता कृष्ण कुमार मंडल की बरामदगी जल्द हो जाएगी।