सीतामढ़ी के बोखड़ा प्रखंड की बनौल पंचायत की मुखिया कुमारी अर्चना को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय द्वारा देश भर से चुने गए 100 जनप्रतिनिधियों में उनका चयन हुआ है। 14 से 16 अगस्त तक दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

पंचायती राज विभाग ने जिले से दो ग्राम पंचायत मुखिया के नामों की अनुशंसा की थी। कुमारी अर्चना को पंचायत में विकास, नवाचार, जल संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्रों में किए गए कार्यों के लिए यह सम्मान दिया जा रहा है।

महिलाओं के लिए कई योजनाएं लागू

उन्होंने पंचायत में स्वच्छता अभियान को नई दिशा दी। महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं लागू की। इससे महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर मिले। जल संरक्षण के तहत तालाबों का संरक्षण, वर्षा जल संचयन और छठ घाट का सौंदर्यीकरण किया गया। बच्चों के लिए खेल मैदान का निर्माण कराया।

पंचायत वासियों की मेहनत का परिणाम

डिजिटल ग्राम की दिशा में पंचायत में तकनीकी सुविधाएं बढ़ाई। इससे सरकारी योजनाओं की जानकारी और सेवाएं लोगों तक आसानी से पहुंचने लगी। कुमारी अर्चना का कहना है कि यह सम्मान पूरे पंचायत वासियों की मेहनत का परिणाम है।

उनका लक्ष्य है कि बनौल पंचायत को राज्य और देश के स्तर पर एक मिसाल के रूप में स्थापित किया जाए। 15 अगस्त को होने वाला यह सम्मान सीतामढ़ी के लिए गर्व का विषय है।