सुपौल जिला मुख्यालय स्थित गांधी मैदान में बुधवार को स्वतंत्रता दिवस 2025 के मद्देनजर धूमधाम से अंतिम पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने संयुक्त रूप से परेड की सलामी ली। इसके बाद डीएम ने तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और पूरा मैदान राष्ट्रगान की गूंज से देशभक्ति के माहौल में सराबोर हो गया।

सुबह से ही गांधी मैदान में विभिन्न सुरक्षा बलों और स्कूली बच्चों के दस्ते उत्साह के साथ अंतिम अभ्यास में शामिल हुए। परेड में भाग लेने वाले जवानों ने कदमताल करते हुए अपने प्रदर्शन से माहौल को रोमांचक बना दिया। मंच से डीएम ने सभी प्रतिभागियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और अनुशासित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के दिन होने वाले मुख्य समारोह में जिले की गौरवशाली विरासत और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

15 अगस्त से पहले अंतिम अभ्यास।

सुरक्षा का किया गया पुख्ता इंतजाम

पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलेभर में कड़ी निगरानी और चाक-चौबंद सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है, ताकि कार्यक्रम शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।

पूर्वाभ्यास के दौरान मंच पर एसडीएम सुपौल इंद्रवीर कुमार, वरीय उप समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा के प्रभारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला सामान्य शाखा के प्रभारी सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रदर्शन को बेहतर बनाने का लिया संकल्प

पूर्वाभ्यास के दौरान राष्ट्रगान, बैंड की धुन, स्कूली बच्चों के देशभक्ति गीत और नारों से पूरा गांधी मैदान गूंज उठा। परेड में शामिल दस्तों ने मुख्य समारोह में अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने प्रतिभागियों के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस पर बेहतरीन प्रस्तुति देने के लिए प्रेरित किया।

जिलेवासियों में अब मुख्य कार्यक्रम को लेकर उत्सुकता और उत्साह चरम पर है।