कांग्रेस नेता ने चुनाव आयोग पर हमला बोला है।
भागलपुर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी के बाद जिले में पार्टी नेताओं में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। कहलगांव विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस नेता प्रवीण सिंह कुशवाहा ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताया। साथ ही भाजपा और चुनाव आयोग पर इन्होंने गंभीर आरोप लगाए।
प्रवीण सिंह ने कहा कि राहुल गांधी कोई निजी या राजनीतिक फायदे के लिए संघर्ष नहीं कर रहे थे, बल्कि यह लड़ाई आम जनता के एक-एक वोट के अधिकार की रक्षा और संविधान बचाने की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग मनमानी पर उतर आए हैं। “हमारे नेता निष्पक्ष और साफ-सुथरा चुनाव चाहते हैं।
इसके लिए कांग्रेस ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर शांतिपूर्ण मार्च की जानकारी पहले ही दे दी थी, बावजूद इसके सरकार और आयोग की दादागिरी शर्मनाक है।
सभी लोगों को आगे आना चाहिए
कांग्रेस नेता ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि इस संघर्ष में सभी लोगों को आगे आना चाहिए, क्योंकि यह सिर्फ एक व्यक्ति की लड़ाई नहीं बल्कि हर नागरिक के अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा का सवाल है।
उन्होंने बयान देते हुए कहा, “अब चुनाव आयोग नहीं, चोर आयोग हो गया है।”
कांग्रेसी नेता प्रवीण कुशवाहा ने कहा “राहुल गांधी की गिरफ्तारी लोकतंत्र पर हमला है। यह लड़ाई वोट के अधिकार और संविधान बचाने की है। भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से जनता की आवाज दबाई जा रही है।”
