बिछिया से महुअर स्थानांतरित होगा कुश्ती केंद्र.

बिहार के कैमूर जिले में स्थित एकमात्र राज्यस्तरीय आवासीय कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र को स्थानांतरित किया जाएगा। यह केंद्र वर्तमान में दुर्गावती प्रखंड के बिछियां में स्थित है। खेल विभाग ने इसे रामगढ़ प्रखंड के महुअर स्टेडियम में स्थानांतरित करने का आदेश जारी कर दिया है।

इस स्थानांतरण को लेकर रामगढ़ विधानसभा में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बहुजन समाज पार्टी के नेता सतीश यादव उर्फ पिंटू ने सबसे पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसके बाद भाजपा विधायक अशोक कुमार सिंह और राजद के पूर्व प्रत्याशी अजीत सिंह ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

राजद नेता अजीत सिंह ने कहा कि वर्तमान में जिस महाविद्यालय परिसर में कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र है, वहां न्यूनतम 3 एकड़ भूमि होनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि विद्यालय के बगल में एक एकड़ सरकारी जमीन है, जहां व्यायामशाला को व्यवस्थित किया जा सकता है। सिंह ने कहा कि केंद्र के स्थानांतरण पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि और अधिक प्रशिक्षण केंद्र खोले जाएं तो बेहतर होगा।