कैमूर के भभुआ में कन्या मध्य विद्यालय की छात्राएं अपने स्कूल को टाउन हाई स्कूल में मर्ज किए जाने के विरोध में शिक्षा कार्यालय पहुंचीं। वार्ड नंबर 25 स्थित कन्या मध्य विद्यालय की छात्राओं ने अपने अभिभावकों के साथ बैनर लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
छात्राओं ने शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों को आवेदन सौंपा। छात्रा खुशी बाला कुमारी और शिल्पा कुमारी ने कहा कि वे लड़कों के विद्यालय में पढ़ना नहीं चाहतीं। उन्होंने मांग की कि अगर विद्यालय का विलय करना ही है, तो किसी कन्या विद्यालय में किया जाए।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि टाउन हाई स्कूल एक बड़ा विद्यालय है। यह पीएम श्री योजना में भी चयनित है। इसमें सभी संकाय के अलग-अलग कक्षाएं हैं। उन्होंने कहा कि छात्राओं की शिकायत पर जांच कराई जाएगी। वरिष्ठ पदाधिकारियों से निर्देश लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुविधा को लेकर लिया जाएगा उचित निर्णय
शिक्षा विभाग के पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा। विभाग वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश के अनुसार कार्य करेगा।
