बिरौल के प्रथम हॉस्पिटल में NICU सेवा का शुभारंभ, नवजात शिशुओं को मिलेगी बेहतर चिकित्सा।

दस्तक7मिडिया,उत्तम सेनगुप्ता,दरभंगा।

सुपौल बाजार पुराना पेट्रोल पंप के निकट अवस्थित प्रथम हॉस्पिटल बिरौल में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर स्थापित हुआ, जब नवजात शिशुओं के गहन चिकित्सा के लिए अत्याधुनिक NICU (नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई) सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस सेवा का उद्घाटन बिरौल के अनुमंडल पदाधिकारी शशांक राज ने फीता काटकर किया, जिससे क्षेत्र के नवजात शिशुओं और उनके परिवारों को अब बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने नजदीक ही मिल सकेंगी।
उद्घाटन कार्यक्रम के पश्चात, अनुमंडल पदाधिकारी शशांक राज ने पूरे हॉस्पिटल का विस्तृत भ्रमण किया और सभी विभागों का बारीकी से अवलोकन कर व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से विशेष रूप से गरीब मरीजों की हरसंभव मदद करने को कहा। प्रथम हॉस्पिटल के निदेशक डॉ.राजेश झा,डॉ. फैजुल हसन और डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि NICU सेवा के शुरू हो जाने से बिरौल अनुमंडल क्षेत्र के लोगों को अब नवजात शिशुओं की गहन चिकित्सा के लिए दरभंगा या पटना जैसे बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। यह हॉस्पिटल लोगों को हमेशा बेहतर और उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में लगातार प्रयासरत है।


उद्घाटन कार्यक्रम से पूर्व, प्रथम हॉस्पिटल के संरक्षक जगदीश झा ने अनुमंडल पदाधिकारी शशांक राज का पारंपरिक रूप से पाग, चादर और गुलदस्ते भेंट कर स्वागत किया। इस नई सेवा से निश्चित रूप से क्षेत्र में शिशु मृत्यु दर में कमी आने और नवजात शिशुओं को जीवन बचाने में मदद मिलने की उम्मीद है। मौके पर गणमान्य लोगों में मिंटू झा, मुन्ना मिश्र, शैलेन्द्र आचार्य के अलावा हॉस्पिटल के एचआर,प्रबंधक सहित कई कर्मी मौजूद थे।
मालूम हो कि दरभंगा जिले के बिरौल में स्थित प्रथम हॉस्पिटल मरीजों के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो रहा है, क्योंकि यहां एक ही छत के नीचे सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह निश्चित रूप से क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी राहत है।
प्रथम हॉस्पिटल बिरौल के लिए एक बड़ी सौगात है, खासकर इस सुदूरवर्ती इलाके में जहां स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी रही है। इस अस्पताल के आने से मरीजों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और वे अपने घर के पास ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे। यह अस्पताल इस क्षेत्र के लोगों के लिए वाकई एक वरदान है।