कनीय विद्युत अभियंता नेहा कुमारी ने दी 125 यूनिट मुफ्त बिजली एवं सोलर योजना की जानकारी,खराजपुर के ग्रामीणों ने जताई खुशी–कहा यह सरकार का सराहनीय कदम।

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा

बहादुरपुर प्रखंड क्षेत्र खराजपुर पंचायत भवन में एक आम सभा आयोजित की गई। इस सभा का नेतृत्व पंडासराय कनीय विद्युत अभियंता नेहा कुमारी ने किया। सभा में मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों और बिजली उपभोक्ताओं को मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के बारे में जानकारी दी गई। इस योजना के तहत हर घरेलू उपभोक्ता को हर महीने 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी। यह योजना शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए है।कनीय अभियंता ने बताया कि जुलाई माह में उपभोग किए गए 125 यूनिट तक की बिजली का बिल अगस्त माह में स्वतः कम हो जाएगा। इस योजना के लिए किसी तरह के आवेदन या रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं है। लाभ सीधे बिजली बिल में दिखाई देगा। सभा में पीएम सूर्य घर योजना की भी जानकारी दी गई,जिसके तहत रूफटॉप सोलर पैनल लगवाने के फायदे और प्रक्रिया समझाई गई।उपभोक्ताओं के बीच योजना से संबंधित पैंपलेट भी बांटे गए ताकि सभी को पूरी जानकारी मिल सके।नेहा कुमारी ने लोगों को चेतावनी दी कि कुछ लोग फर्जी लिंक भेजकर रजिस्ट्रेशन कराने का झांसा दे रहे हैं। उन्होंने सभी से कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी निजी जानकारी किसी से साझा न करें। सभा में मौजूद ग्रामीणों ने इस योजना पर खुशी और संतोष जताया। उनका कहना था कि यह योजना गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए राहत देने वाली है। लोगों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सरकार का धन्यवाद करते हुए इस फैसले को सराहनीय कदम बताया। इस मौके पर वेता विद्युत विभाग कनीय अभियंता आलोक कुमार,दरभंगा शहरी राजस्व पदाधिकारी विशाल कुमार,विजय कुमार दास,पंकज कुमार,तौकीर एकवाल,दशरथ पासवान,खराजपुर पंचायत मुखिया पति अभय नाथ मिश्रा,पंचायत उप मुखिया सोनू मंडल उपस्थित थे।