दस्तक 7 मीडिया का असर :पंचायती राज पदाधिकारी सख्त,सचिव से मांगा स्पष्टीकरण–जवाब नहीं तो लटकेगी कार्रवाई की तलवार

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

दस्तक 7 मीडिया में खबर छपने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है।पंचायती राज पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने बहादुरपुर प्रखंड के तारालाही पंचायत के सचिव कुमार शुभम से एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण देने को कहा है। उन्होंने साफ कहा है कि अगर सचिव जवाब नहीं देते या सही जानकारी नहीं देते,तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।तारालाही पंचायत की मुखिया सह बहादुरपुर मुखिया संघ की उपाध्यक्ष रूपम सिन्हा ने जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर पंचायत सचिव के खिलाफ शिकायत की थी। उनका आरोप है कि पिछले छह महीने से सचिव विकास कार्यों में सहयोग नहीं कर रहे हैं,जिससे पंचायत का काम बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मुखिया ने बताया कि पंचायत में षष्ठम राज्य वित्त आयोग की राशि उपलब्ध होने के बावजूद सचिव के असहयोग के कारण उसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक केवल एक योजना का भुगतान हुआ है। उसमें भी मजदूरों और मिस्त्रियों की मजदूरी के लिए सचिव के नाम पर पैसा भेजा गया था,लेकिन उन्होंने मजदूरी का भुगतान नहीं किया। अब मजदूर बार-बार मुखिया के पास पैसे मांगने आ रहे हैं।मुखिया का कहना है कि पंचायत सचिव न तो फोन उठाते हैं और न ही पंचायत की कार्यकारिणी की बैठक बुलाते हैं। इससे पंचायत के वार्ड सदस्यों और आम जनता में नाराजगी है। रूपम सिन्हा ने यह भी कहा कि सचिव के इस रवैये से उनकी छवि को नुकसान हो रहा है। उन्होंने मांग की है कि सचिव को हटाकर किसी और को जिम्मेदारी दी जाए,ताकि योजनाएं सही तरीके से पूरी हो सकें।
मुखिया ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेकर उचित कार्रवाई करेगा।