जिलाधिकारी सीवान -सह- अध्यक्ष आयोजन समिति मशाल कार्यक्रम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मशाल कार्यक्रम के आयोजन के लिए बैठक कार्यालय प्रकोष्ठ में आहूत की गई। बैठक में विभागीय निर्देश के आलोक में दिनांक 10 अगस्त से लेकर 13 अगस्त 2025 तक कुल 04 दिवसीय का मशाल कार्यक्रम का आयोजन करने का निर्णय लिया गया। चार दिवसीय आयोजन में कुल पांच खेल प्रतियोगिताओं को शामिल किया जाएगा। जिसमें कबड्डी,फुटबॉल, वॉलीबॉल, साइकिलिंग एवं एथलेटिक्स शामिल है।
“मशाल” कार्यक्रम का आयोजन शिक्षा विभाग एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वाधान में कराया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में ग्रामीण व स्थानीय खेल प्रतिभाओं का चयन कर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के प्रतियोगिता में शामिल होने हेतु खिलाड़ियों को तैयार किया जाना है।
मशाल” आयोजन में अंडर -14 एवं अंडर -16 वर्ग के बालक बालिका जो प्रखंड स्तर से चुनकर आए हैं, को शामिल किया जाएगा। जिनकी कुल संख्या 1283 है। जिला स्तर पर चार दिवसीय आयोजन में अलग-अलग कुल पांच उल्लेखित खेल विधाओं को शामिल किया जाएगा।प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को विभाग के द्वारा निर्धारित नगद राशि, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
राजेंद्र स्टेडियम में होगी खेल प्रतियोगिता मुख्य आयोजन स्थल राजेंद्र स्टेडियम को रखे जाने का निर्णय बैठक में जिला पदाधिकारी, सीवान के द्वारा लिया गया ।लड़कों के आवासन एवं लड़कियों के आवासन की व्यवस्था हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करने का निर्देश जिला खेल पदाधिकारी को दिया गया।
आवासन स्थल एवं खेल स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था हेतु कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद एवं कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया। चिकित्सक एवं मेडिकल टीम को तैयार रखने का निर्देश सिविल सर्जन सीवान को दिया गया। कार्यक्रम स्थल एवं आवासन स्थल पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु अनुमंडल पदाधिकारी सीवान सदर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,सीवान सदर को जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया।
