कैमूर में बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने दुकानदार को गोली मार दी। घटना सोनहन थाना क्षेत्र के मीरीया गांव के पास की है। सोमवार शाम लगभग 7:30 बजे पुसौली से बर्तन की दुकान बंद कर दो सगे भाई बाइक से अपने गांव कीरकला लौट रहे थे।
अपराधियों ने उनकी बाइक को ओवरटेक करते हुए पीछे से युधिष्ठिर सेठ की पीठ में गोली मार दी। गोली लगते ही वह गिर पड़ा और अपराधी घटनास्थल से फरार हो गए। घायल युधिष्ठिर सेठ को उपचार के लिए सदर अस्पताल भभुआ लाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया है।
घर लौटने के दौरान हादसा
घायल के भाई भीम सेठ ने बताया कि वे दोनों पुसौली से अपनी दुकान बंद करके बाइक से घर लौट रहे थे। मीरीया वाले रास्ते पर अपाचे बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया और पीछे से युधिष्ठिर की पीठ में गोली मार दी।
सोनहन थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और अपराधियों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी की गई है। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है।
