ब्रेन सर्जरी के बाद मरीज को प्रथम हॉस्पिटल से मिली छुट्टी।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

सहरसा के भेलाही गांव निवासी 25 वर्षीय मो. अरशद को सोमवार को प्रथम हॉस्पिटल से सफलतापूर्वक छुट्टी दे दी गई। 21 जुलाई को आपसी मारपीट में उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें पहले सहरसा सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना एम्स रेफर किया गया था।
एम्स की व्यवस्था से असंतुष्ट परिजनों ने अरशद को 24 जुलाई को बिरौल स्थित प्रथम हॉस्पिटल में भर्ती कराया। अस्पताल में जांच के बाद पता चला कि मरीज के सिर की एक हड्डी टूटकर दिमाग में घुस गई थी, जिससे उसकी हालत काफी गंभीर थी।

चार घंटे चली जटिल सर्जरी–

प्रथम हॉस्पिटल के डॉक्टरों की टीम ने तुरंत आपातकालीन बैठक बुलाई और सर्जरी का निर्णय लिया। गुरुवार की रात करीब चार घंटे तक चली गहन सर्जरी में डॉक्टरों ने टूटी हुई हड्डी को सफलतापूर्वक बाहर निकाला और ऑपरेशन कामयाब रहा। अस्पताल के आरएमओ डॉ. कामरान ने बताया कि यह मामला काफी जटिल था, लेकिन डॉक्टरों ने बेहद बारीकी से इस सर्जरी को अंजाम दिया। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल में ब्रेन सर्जरी पहले भी हुई हैं, लेकिन यह केस अपने आप में खास था।

परिजनों ने जताया आभार–

सर्जरी के बाद तीन दिनों तक अरशद को आईसीयू में रखा गया। स्वास्थ्य में सुधार के बाद सोमवार को उन्हें छुट्टी दी गई। मरीज के परिजन मो. जसीम ने हॉस्पिटल की चिकित्सा व्यवस्था की जमकर तारीफ की और कहा कि वे अरशद की स्थिति में हुए सुधार से बेहद संतुष्ट हैं। उन्होंने सफल सर्जरी के लिए अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों का दिल से आभार व्यक्त किया।