सीवान के आंदर थाना क्षेत्र के जयजोर मंदिर के समीप शनिवार की रात 8:30 बजे एक कृषि समन्वयक से बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने पीड़ित से बाइक, मोबाइल, पर्स और जरूरी कागजात लूट लिए।

पीड़ित चंदन राम गोपालगंज जिले के हथुआ थाना क्षेत्र के बड़वा कानपुरा गांव का रहने वाला है। वह दरौली में कृषि समन्वयक के पद पर कार्यरत है। साथ ही वह मतदान विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में बीएलओ के रूप में प्रतिनियुक्त है।

चंदन राम ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि वह मतदान विशेष पुनरीक्षण का कार्य करके दरौली से आंदर आ रहा था। इसी दौरान आंदर-जयजोर मुख्य मार्ग पर मंदिर के पूरब सफेदा के पेड़ पुलिया के बीच एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उनकी बाइक में धक्का मारकर गिरा दिया।

बदमाशों ने हथियार के बल पर उनकी स्प्लेंडर प्लस बाइक, पर्स, मोबाइल और डिक्की में रखे बिहार मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण के सारांश अभिलेखन पत्र समेत जरूरी कागजात लूट लिए। लूटपाट के बाद बदमाश बलुआ रोड की ओर भाग निकले।

थानाध्यक्ष पपन कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पीड़ित कृषि समन्वयक के आवेदन पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच में जुट गई है।