प्रथम हॉस्पिटल बिरौल में ब्रेन सर्जरी सफल: मरीज खतरे से बाहर।
दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।
दरभंगा जिला अंतर्गत प्रथम हॉस्पिटल बिरौल में गुरुवार को एक जटिल ब्रेन सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया, जिसमें गंभीर रूप से घायल एक मरीज की जान बचाई गई। सहरसा जिले का रहने वाला यह मरीज आपसी मारपीट में गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके सिर में गहरी चोट लगी थी।

परिजनों ने शुरुआती इलाज के लिए मरीज को सदर अस्पताल सहरसा में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना एम्स रेफर कर दिया गया। हालांकि, पटना एम्स की व्यवस्था से असंतुष्ट होने के कारण परिजन मरीज को लेकर प्रथम हॉस्पिटल बिरौल आ गए।

अस्पताल पहुँचते ही, प्रथम हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने तत्काल मरीज का सीटी स्कैन करवाया। जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मरीज के सिर की एक हड्डी टूटकर सीधे मस्तिष्क में घुस गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, हॉस्पिटल के सर्जन और विशेषज्ञों की एक आपातकालीन बैठक बुलाई गई, जिसमें तुरंत सर्जरी करने का निर्णय लिया गया।
गुरुवार की देर रात, डॉक्टरों की टीम ने करीब चार घंटे तक चली गहन सर्जरी को सफलतापूर्वक पूरा किया। प्रथम हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. राजेश झा ने बताया, “सर्जरी के बाद मरीज अब खतरे से बाहर है। उसे अगले तीन दिनों तक गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में निगरानी में रखा जाएगा, जिसके बाद उसे छुट्टी दे दी जाएगी।”
ऑपरेशन करते हुये लाईव वीडियो ,चिकित्सक को वैसे नहीं कहते लोग ईश्वर का रूप
