कैमूर के मोहनिया में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की लापरवाही से स्थानीय निवासी परेशान हैं। मोहनिया थाना से 100 मीटर पश्चिम NH-19 के साइड रोड पर बुधवार को ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।

NHAI ने नाले के निर्माण के लिए जगह-जगह खुदाई की गई। लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया गया। इससे नाले का गंदा पानी और बारिश का पानी लोगों के घरों में प्रवेश कर रहा है। कुछ लोग गिर गए और एक व्यक्ति का हाथ फ्रैक्चर हो गया।

नाले के पानी में गिरने से टूटा पैर।
गंदे पानी के बीच रहने को मजबूर लोग।
ग्रामीणों ने किया सड़क जाम।

गंदा पानी में गिरने से हाथ में फ्रैक्चर

स्थानीय निवासी नियाजूद्दीन ने बताया कि हाईवे किनारे स्थित उनके घर में गंदा पानी घुस रहा है। गंदे पानी में चलते समय उनका पैर फिसल गया और हाथ में फ्रैक्चर हो गया।

वार्ड नंबर 11 के पार्षद मुनीम फारूकी और जिला पार्षद गीता पासी ने NHAI से स्थाई समाधान की मांग की है। नगर पंचायत मोहनिया के कार्यपालक पदाधिकारी सुधांशु कुमार ने आश्वासन दिया है कि पंपसेट लगाकर तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही NHAI को नाला निर्माण जल्द पूरा करने और उचित व्यवस्था करने को कहा गया है।