जमुई जिला मत्स्य कार्यालय में शुक्रवार को रिश्वत लेते दो सरकारी पदाधिकारी रंगेहाथ पकड़े गए। शनिवार को भागलपुर स्थित निगरानी अदालत में इन्हें पेश किया। शुक्रवार को दोनों अधिकारियों को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया है। कोर्ट में पेशी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की प्रक्रिया की जाएगी।
कार्रवाई जमुई जिला मुख्यालय स्थित मत्स्य कार्यालय में शुक्रवार सुबह की। दोनों अधिकारी मछली पालन योजना के लाभुक से 50 हजार रुपए की रिश्वत ले रहे थे। शिकायत सोनो प्रखंड के भेलवा मोहनपुर गांव निवासी लाभुक तुलसी यादव ने की थी।
जांच में सही पाया गया मामला
पीड़िता ने आरोप लगाया था कि सरकार की ओर से खाते में भेजी गई अनुदान राशि में से दोनों अधिकारी 1.5 लाख रुपए की रिश्वत की मांग कर रहे हैं। निगरानी विभाग ने जब शिकायत की जांच की, तो मामला सही पाया गया। विभाग ने जाल बिछाया और पहली किस्त के तौर पर दिए जा रहे 50 हजार रुपए लेते समय दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान मत्स्य कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। निगरानी विभाग की टीम ने तुरंत दोनों को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी। विभाग की ओर से बताया गया कि आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत दोनों को शनिवार को भागलपुर निगरानी कोर्ट लाया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
