प्रधानमंत्री मोदी के मोतिहारी दौरे से बिहार को मिली बड़ी सौगात–संजय सिंह पप्पू सिंह।

दस्तक7मिडिया, दरभंगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मोतिहारी दौरे के दौरान बिहारवासियों को दी गई सौगात से सांगठनिक जिला दरभंगा पूर्वी के लोग गदगद हैं। दरभंगा जिला पूर्वी भाजपा के महामंत्री संजय सिंह पप्पू सिंह ने इस मौके पर कहा, “बनाएंगे नया बिहार और अब एक बार फिर से एनडीए सरकार।”
संजय सिंह पप्पू सिंह ने कहा कि दरभंगा से लखनऊ की यात्रा अब पहले के मुकाबले ज्यादा आरामदायक और सुविधाजनक हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दरभंगा-गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत कर दी है। उन्होंने यह भी बताया कि दरभंगा-नरकटियागंज रेल लाइन का दोहरीकरण होने से यात्रियों को बहुत सुविधा होगी।
उन्होंने आगे कहा कि आज ही दरभंगा स्थित बिहार का दूसरा आईटी पार्क का भी उद्घाटन किया गया, जिसमें हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार वासियों को 7200 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी है।
संजय सिंह पप्पू सिंह ने कहा कि बिहार को विकास के पायदान पर सर्वोच्च स्थान दिलाने के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संकल्पित हैं। इस साल यह उनका पांचवां बिहार दौरा है। हर दौरे में प्रधानमंत्री हजारों करोड़ की सौगात देकर जाते हैं। प्रधानमंत्री के प्रयासों से रेल, सड़क, आईटी और ग्रामीण विकास में नई क्रांति आई है और अब हर दिशा से बिहार समृद्ध हो रहा है।