कटिहार के मनिहारी में गुरुवार शाम बाघमारा घाट पर गंगा नदी में नहा रहा मजदूर लापता हो गया। उसकी पहचान मो. शाहिद (25) के रूप में हुई है, जो बाघमारा निवासी मो. शौकत का बेटा था। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। लोग भागे-भागे घाट पर आए और शाहिद को तलाशने लगे। उसके नहीं मिलने पर फौरन पुलिस को सूचना दी गई।

SDRF की टीम स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर युवक की तलाश में जुटी है।

गंगा नदीं के तेज धार में बहा मजदूर

घटना 17 जुलाई की शाम लगभग 6 बजे की है। शाहिद गंगा में स्नान करने गया था, लेकिन इस दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज धार में बह जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही युवक के माता-पिता, पत्नी और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने रेस्क्यू के लिए प्रशासन से मदद की गुहार लगाई।

SDRF और गोताखोर कर रहे रेस्क्यू

घटना की सूचना पर पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि ओम प्रकाश पंडित ने प्रशासन को तत्काल जानकारी दी। मनिहारी प्रशासन ने तुरंत SDRF टीम को मौके पर भेजा। SDRF की टीम स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर युवक की तलाश में जुटी है। शुक्रवार सुबह से पूरा रेस्क्यू ऑपरेशन प्रशासन की निगरानी में चल रहा है।