बिहार विधानसभा चुनाव 2025: मतदान को पारदर्शी बनाने के लिए वीवीपैट का व्यापक प्रचार।
दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों के बीच, राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के साथ वोटर वेरीफायबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) के महत्व और उपयोग के प्रति जागरूक करने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता पोस्टर लगाए जा रहे हैं, जो मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में वीवीपैट की भूमिका को रेखांकित करते हैं।
बिरौल अनुमंडल कार्यालय में क्षेत्र से आए मतदाताओं को “अपने वोट की पुष्टि करें” का संदेश देते हुए वीवीपैट मशीन के कार्यप्रणाली को कार्यपालक सहायक अवधेश कुमार गोस्वामी और रामाशीष कुमार द्वारा विस्तार से समझाया जा रहा है। दोनों कार्यपालक सहायक ने कहा कि वीवीपैट एक स्वतंत्र मशीन है जो ईवीएम से जुड़ी होती है। इसका मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को उनके डाले गए वोट की पुष्टि करने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि मतदान के बाद, मतदाता एक पर्ची देख सकते हैं जिस पर उनके द्वारा चुने गए उम्मीदवार का क्रम संख्या, नाम और चुनाव चिन्ह स्पष्ट रूप से अंकित होता है। यह पर्ची कुछ सेकंड के लिए दिखाई देती है और फिर स्वतः ही एक सीलबंद बॉक्स में गिर जाती है। यह अभियान आगामी चुनावों में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने और मतदान प्रक्रिया में उनका विश्वास मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
