कुशेश्वरस्थान: जर्जर शिवगंगा धर्मशाला सील, बड़ा हादसा टला।

दस्तक7मिडिया, प्रशांत कुमार, कुशेश्वरस्थान।

बिहार के प्रसिद्ध तीर्थस्थल शिवनगरी कुशेश्वरस्थान में पहली सोमवारी को हुए दुखद हादसे के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। मंदिर के सामने स्थित जर्जर शिवगंगा धर्मशाला की रेलिंग गिरने से तीन लोग घायल हो गए थे, जिसमें एक बुजुर्ग माली की जान चली गई थी, जो वहीं फूल-माला बेचकर अपना गुजर-बसर करता था।
इस घटना के तुरंत बाद, न्यास समिति के अध्यक्ष सह एसडीएम शशांक राज ने जर्जर धर्मशाला को बैरिकेडिंग कर सुरक्षित करने का आदेश दिया था। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की थी कि वे इस धर्मशाला के आस-पास न जाएं। उन्होंने कहा कि जर्जर धर्मशाला को तोड़ने के लिए आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एसडीएम शशांक राज के आदेश के ठीक एक दिन बाद, बुधवार देर रात जर्जर शिवगंगा धर्मशाला को बांस-बल्ले लगाकर पूरी तरह सील कर दिया गया है। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि कुशेश्वरस्थान आने वाले शिवभक्त इस खतरनाक संरचना से दूर रहें और किसी संभावित बड़े हादसे को टाला जा सके।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब तक इस धर्मशाला को पूरी तरह से तोड़कर हटाया नहीं जाता, तब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। हालांकि, फिलहाल की गई बैरिकेडिंग से एक बड़ा खतरा टल गया है। अगर यह बैरिकेडिंग नहीं की जाती तो कोई और बड़ी अनहोनी हो सकती थी। यह प्रशासनिक तत्परता सराहनीय है, जिसने भक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित की है।