सुपौल : बिहार में लगातार आपराधिक घटना में बढ़ोतरी हो रही है. राघोपुर थाना क्षेत्र के कोरियापट्टी गांव में सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है. किशनपुर थाना क्षेत्र के मधुरा गांव निवासी पप्पू कुमार प्रभाकर के 21 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई.

सुपौल में युवक की हत्या : अपराधियों ने हत्या के बाद शव के टुकड़े कर तिलावे नदी में फेंक दिया. बुधवार सुबह नदी किनारे से एक कटा हुआ सिर बरामद हुआ, जिसकी पहचान प्रिंस कुमार के रूप में हुई. वहीं लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन के बाद करीब चार किलोमीटर दूर नदी से पुलिस ने शव का धड़ भी बरामद कर लिया.

ननिहाल गया था मृतक : मामले में मृतक के पिता ने राघोपुर थाना को आवेदन देकर हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी कर न्याय की गुहार लगाई है. दिए आवेदन में बताया गया है कि प्रिंस 13 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे गांव के ही अपने एक मित्र नीतीश कुमार के साथ बाइक से अपने ननिहाल धरहरा के लिए निकला था.

प्रिंस के पिता ने बताया कि उसी रात करीब 10 बजे बेटे से आखिरी बार बात हुई थी. जिसमें उसने बताया था कि वह सिमराही में है और अगले दिन धरहरा में पूजा कर गांव लौटेगा. लेकिन 14 जुलाई की सुबह से उसका मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा. जिसके बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू की.

लोगों की जुटी भीड़ 

लोहे की रॉड और डंडों से हत्या : खोजबीन के दौरान सामने आया कि देवीपुर पंचायत निवासी सुरजीत सादा ने प्रिंस, अजय चौधरी और नीतीश कुमार को फोन कर अपने घर बुलाया था. आरोप है कि वहां सुरजीत सादा, उसका भाई संतोष सादा और उनके सहयोगी दिनेश कुमार, राजू कुमार, रमेश व राजकुमार सादा ने मिलकर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से तीनों युवकों पर जानलेवा हमला किया और फिर उन्हें गायब कर दिया.

गोताखोरों की मदद से तलाशी : वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और कोरियापट्टी वार्ड नंबर 5 स्थित तिलावे नदी में गोताखोरों की मदद से सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया. मंगलवार की देर रात तक कुछ नहीं मिला, लेकिन बुधवार सुबह एक कटा हुआ सिर बरामद हुआ, जिसे परिजनों ने प्रिंस कुमार के रूप में पहचान लिया.

”घटना की गहनता से जांच की जा रही है. अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है.”– नवीन कुमार, राघोपुर थाना अध्यक्ष

SP के साथ 5 थानों की पुलिस पहुंची : एसपी शरथ आरएस ने स्वयं घटनास्थल पर जाकर मामले का जायजा लिया. इसके अलावा दो एसडीपीओ और पांच थानों राघोपुर, किशनपुर, भपटियाही, करजाईन और प्रतापगंज की पुलिस तैनात रही. एसपी ने जांच को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये.

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग : इधर, घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है. मृतक के परिजन बेसुध हैं और ग्रामीणों की भारी भीड़ न्याय की मांग कर रही है. परिजनों ने प्रशासन से सभी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर सजा की मांग की है.