भदोही के कोनिया क्षेत्र में गंगा नदी की कटान से प्रभावित छेछुआ इलाके का जिलाधिकारी शैलेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बुधवार को दौरा किया। गंगा के बढ़ते जलस्तर और लगातार कटान से यहां के सैकड़ों परिवार प्रभावित हैं।
जिलाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण चौकियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। इस दौरान पीड़ित महिलाओं, बुजुर्गों और ग्रामीणों ने सुरक्षित स्थान पर विस्थापन की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि हर साल गंगा की तेज धारा से उनकी फसलें और घर बह जाते हैं।
कटान रोकने में पूरी तरह सफल
करोड़ों रुपए खर्च कर लगाई गई ट्यूब कटर तकनीक भी कटान रोकने में पूरी तरह सफल नहीं हुई। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को आसपास के सुरक्षित गांवों में पीड़ितों के लिए वैकल्पिक स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए। साथ ही बाढ़ चौकियों को सक्रिय करने और राहत सामग्री तैयार रखने को कहा। क्षेत्र की महिलाओं ने कहा कि पिछले कई वर्षों से ऐसे आश्वासन मिलते आ रहे हैं।
बाढ़ आने पर उन्हें चौकियों में विस्थापित कर दिया जाता है। जलस्तर घटने पर फिर पुरानी जगह लौटना पड़ता है। महिलाओं ने स्थायी समाधान की मांग की है। कोनिया क्षेत्र की सैकड़ों एकड़ उपजाऊ भूमि हर साल गंगा में समा जाती है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान होता है और कई परिवारों को घर छोड़ना पड़ता है।
