कैमूर में बुधवार को नशाखुरानी गैंग ने एक और यात्री को अपना शिकार बना लिया। हैदराबाद से अपने गांव लौट रहे मजदूर को ट्रेन में नशीला पदार्थ खिला दिया गया। बेहोशी की हालत में शारदा ब्रजराज हाई स्कूल के सामने युवक सड़क किनारे मिला।

स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद उसे अनुमंडल अस्पताल मोहनिया में भर्ती कराया। पीड़ित की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के मुढ़ी गांव निवासी धर्मदेव कुमार के रूप में हुई है।

सड़क किनारे पड़ा था युवक, पहचान के लिए फोटो भेजा

SI लक्ष्मी पांडे ने बताया कि लोगों ने सूचना दी थी कि एक व्यक्ति बेहोश हालत में सड़क किनारे पड़ा है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो उसे पास की दुकान के पास रखा गया था। उसे तत्काल पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया।

परिजनों से संपर्क कर युवक की पहचान कराई गई। फोटो भेजे जाने पर परिजनों ने पुष्टि की कि वह उनका बेटा है, जो हैदराबाद से कमा कर ट्रेन से लौट रहा था। परिजन उसे लेने के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।

डॉक्टर बोले- नशीला पदार्थ खिलाया गया

अनुमंडल अस्पताल मोहनिया के चिकित्सक डॉ. अमित तिवारी ने बताया कि, युवक को इमरजेंसी में लाया गया था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि उसे ट्रेन में नशीला पदार्थ खिलाया गया है।

उसकी हार्टबीट काफी कम हो गई थी, लेकिन समय पर इलाज से उसे होश आ गया। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि उसे क्या दिया गया था। – डॉ. अमित तिवारी

पुलिस कर रही जांच

डायल 112 की टीम ने बताया कि मामले की जानकारी रेलवे पुलिस को भी दी गई है। नशाखुरानी गिरोह के सक्रिय होने की आशंका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।