भागलपुर में संदिग्ध हालत में नाबालिग नवविवाहित की मौत हो गई। कमरे में शव मिला है। पेट और गले पर गंभीर चोट के निशान हैं। तीन महीने पहले घर से भागकर अपने प्रेमी सत्यम कुमार(18) के साथ शादी की थी।
पिता ने दहेज के लिए सास-ससुर, पति पर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान परमानंद शर्मा के पुत्री पल्लवी कुमारी (16) के तौर पर हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना भवानीपुर थाना क्षेत्र के तेलडीहा गांव की है।
दहेज नहीं देने पर मार डाला
पिता परमानंद शर्मा ने थाने में लिखित शिकायत दी है। उन्होंने कहा कि दामाद, सास-ससुर समेत ससुराल के 6 लोगों ने गला दबाकर मेरी बेटी को मार डाला। शादी के बाद से ही दहेज की डिमांड कर रहे थे। नहीं देने पर बेटी के साथ मारपीट करते थे। उसे प्रताड़ित किया जा रहा था।
सत्यम मेरे घर के पास ही रहता है। गांव में मजदूरी करता है। 3 महीना पहले बहला-फुसलाकर बेटी को घर से भगा ले गया था। मंदिर में शादी कर ली थी। शादी के बाद से सत्यम के घरवालों से मेरी बात नहीं होती थी। दहेज मांग रहे थे।
वहीं, इस मामले को लेकर भवानीपुर थानाध्यक्ष महेश कुमार से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
