बहेड़ी कॉलेज में आईटी लैब और तीन स्मार्ट क्लासरूम का निर्माण शुरू

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

बहेड़ी के बिलट महथा आदर्श महाविद्यालय में अब पढ़ाई और भी आधुनिक तरीके से होगी। कॉलेज में आईटी लैब और तीन स्मार्ट क्लासरूम बनाए जा रहे हैं। इसके लिए सरकार ने 33 लाख रुपए की राशि दी है। विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने बताया कि यह कॉलेज ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय से जुड़ा हुआ है और इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इससे गांव के बच्चों को भी अच्छी पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।उन्होंने बताया कि कॉलेज की हालत पिछले 50 सालों से बहुत खराब थी–यहां न तो साइंस और न ही कॉमर्स की पढ़ाई होती थी। लेकिन अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मदद से कॉलेज में नए फैकल्टी शुरू किए जा रहे हैं। एक दर्जन से ज्यादा शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है। साइंस विभाग के लिए नया भवन और लैब भी बन रहे हैं,जिस पर 20 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। साथ ही,50 से ज्यादा कंप्यूटर वाली आईटी लैब और तीन स्मार्ट क्लास बनाए जा रहे हैं,जिनमें बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएगी। विधायक चौधरी ने कॉलेज का निरीक्षण किया और छात्रों से अपील की कि वे नियमित रूप से क्लास में आएं,क्योंकि ट्यूशन या कोचिंग कभी भी क्लास का विकल्प नहीं हो सकते।
इस मौके पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. लक्ष्मण प्रसाद जायसवाल समेत कई शिक्षक और स्थानीय लोग मौजूद थे।