सीतामढ़ी में अगलगी की घटना सामने आई है। यहां सुरसंड नगर पंचायत वार्ड नंबर 13 में बुधवार देर रात गैस सिलेंडर से आग लग गई। गैस सिलेंडर से रिसाव खाना बनाने के दौरान शुरू हुआ। चिंगारी के संपर्क में आते ही आग ने विकराल रूप ले लिया।

घटना में स्थानीय निवासी विजय साह और उनकी पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को बचने का मौका नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया।

पूरी तरह जला घर का एक हिस्सा

घायलों को पहले सुरसंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से झुलसे लोगों को बेहतर इलाज के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया गया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस घटना में घर का एक हिस्सा पूरी तरह जल गया। स्थानीय प्रशासन ने भी मामले का संज्ञान लिया है।