बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश महिला कांग्रेस ने 24 जिलों में महिला जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की है। इसमें से दो नए चेहरे हैं, बाकी 22 रिपीट हैं।
सिवान और मधेपुरा में नए महिला जिला अध्यक्ष नियुक्त हुई हैं। सिवान में इंदु सिंह और मधेपुरा में नीलू ठाकुर को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है। यह सभी नियुक्तियां महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की स्वीकृति के बाद की गई हैं।
संगठन को बनाएगी मजबूत नियुक्ति
24 महिला जिलाध्यक्षों में 7 सवर्ण, 3 दलित, 3 मुस्लिम, 6 OBC, 4 EBC और 1 अतिपिछड़ा समाज से आती हैं। बिहार प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सरवत जहां फातिमा ने कहा कि इन नियुक्तियों से हमारे संगठन को मजबूती मिलेगी।
बिहार के सुनहरे भविष्य के लिए यह बहुत जरूरी था कि महिला कांग्रेस को मजबूती मिले। हम बूथ स्तर पर जाकर कांग्रेस पार्टी की बातों को लोगों तक पहुंचा सकेंगे। महिलाएं घर तक जाती हैं, इससे हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम कांग्रेस की योजनाओं और गारंटियों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं।
सवर्ण- 7
दलित- 3
अल्पसंख्यक- 3
OBC- 6
EBC- 4
SC/ST- 1
24 महिला जिलाध्यक्षों की हुई है नियुक्ति
कांग्रेस की ओर से जारी की गई लिस्ट में पूर्वी चंपारण से किरण कुमारी, सीतामढ़ी से उषा शर्मा, मधुबनी से आभा पांडेय, सुपौल से कुमारी स्वाति, पूर्णिया से मुन्नी मरांडी, कटिहार से अंजुमन कौसर, दरभंगा से पूनम झा, मुजफ्फरपुर में जूही प्रीतम, समस्तीपुर में देविता कुमारी गुप्ता, बेगूसराय से गायत्री देवी, खगड़िया से शमा परवीन, भागलपुर से कोमल सृष्टि को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
कुमारी सोनी बनीं लखीसराय की कार्यकारी अध्यक्ष
वहीं, पटना शहरी से मीणा निषाद और पटना ग्रामीण-1 से अजीता पांडे, रोहतास से रिंकू देवी, गया से डॉ. पिंकी कुमारी, नालंदा से रीना देवी, बक्सर से निर्मला देवी, गोपालगंज से शीला जायसवाल, औरंगाबाद से गायत्री देवी, अररिया से गुलशन आरा, नवादा से शमा परवीन और मधेपुरा से नीलू ठाकुर को भी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है। दूसरी तरफ लखीसराय में कुमारी सोनी को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।
उपाध्यक्ष और महासचिवों की भी हुई हैं नियुक्तियां
पार्टी के द्वारा उपाध्यक्ष और महासचिवों की नियुक्तियां भी घोषित की गई हैं। बिहार कांग्रेस में छह उपाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। इनमें दरभंगा से डॉ. सुधा प्रसाद, मुंगेर से फौजिया राणा, पटना से विनीता भगत, वैशाली से डॉ. सुनीता सिंह, पश्चिम चंपारण से मंजू बाला पाठक और पटना से प्रियंका नवीन कुमार को उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा भागलपुर से अनामिका शर्मा और सुनंदा रक्षित को महासचिव बनाया गया है। दूसरी तरफ सचिव पद पर रोहतास से मंजू लता और श्वेता रानी, बेगूसराय से रूबी शर्मा और गया से रिया कुमारी को नियुक्त किया गया है।
