जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से प्रखंड सभागार में विधिक जागरूकता सह कार्यशाला का हुआ आयोजन।

दस्तक7मिडिया, विधि संवाददाता, दरभंगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से प्रखंड सभागार में विधिक जागरूकता सह कार्यशाला का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार विनोद कुमार तिवारी की अध्यक्षता में किया गया।बिरौल एवं गौड़ाबौराम प्रखंड के सरपंच एवं ग्राम कचहरी सचिवों को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि पंचायती राज प्रणाली का गठन आमलोगों को त्वरित, सस्ता और सुलभ न्याय प्रदान करने के लिए किया गया है। इसकी प्रक्रिया को आसान बनाकर रखें ताकि हर तबके के लोगों को न्याय मिलना आसान हो। उन्होंने कहा कि छोटे छोटे मामलों को ग्रामीण स्तर पर सुलह समझौते के आधार पर सुलझाये ताकि न्यायालय बड़े बड़े मामलों की सुनवाई पर ज्यादा वक्त दे सके। जिला जज श्री तिवारी ने मैथिली भाषा के मिठास का गुणगान करते हुए कहा कि मैथिली की मधुरता से समस्याओं का समाधान बहुत ही आसानी से हो सकता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने सभी प्रतिनिधियों से राष्ट्रीय लोक अदालत पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में बढ़चढ़कर हिस्सा लेकर लोगों के आपसी विवादों को समाप्त कराकर समाज में आपसी भाईचारा कायम करने में मददगार बनें। उन्होंने जरुरतमंदों को नालसा द्वारा बनाए गए योजना से लाभ दिलाने की भी अपील की। लीगल एड डिफेंस की अंकुर प्रिया एवं अधिवक्ता पुरुषोत्तम कुमार ने आशा, डान, सितारा, जागृति, साथी जैसे योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप कुमार झा ने दोनों अतिथियों का स्वागत मैथिल परंपरानुसार पाग एवं चादर से किया। वहीं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी रमेश कुमार ने ग्राम कचहरी की समस्याओं के निदान का आश्वासन दिया। मौके पर प्राधिकार सहायक कुमार गौरव, नाजिर पंकज कुमार, पीएलवी सोनी कुमारी, अवंतिका कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, छोटे लाल शर्मा, इम्तियाज अहमद, ओमप्रकाश, वजहुल कमर सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।