सुपौल के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। खस्सी बेचकर घर लौट रहे एक व्यापारी से अज्ञात अपराधियों ने 54 हजार रुपए लूट लिए। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने एक राउंड हवाई फायरिंग करने के बाद हथियार के बट से हमला कर व्यापारी का सिर फोड़ दिया और मोबाइल भी छीनकर भाग निकले।
पांच अज्ञात अपराधियों ने बोला हमला
मिली जानकारी के अनुसार कटैया निवासी मोहम्मद जफार उद्दीन (45) पिता मोहम्मद इदरीश, मंगलवार को करीब 11:30 बजे दिन में त्रिवेणीगंज मंगलहाट से खस्सी बेचकर अपने घर लौट रहा था। जब वह आईटीआई कॉलेज के आगे, जागुर और भूरा गांव के बीच स्थित प्लांट के पास पहुंचे, तो दो अपाचे बाइकों पर सवार पांच अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर व्यापारी को रोका और जब उन्होंने विरोध किया तो हथियार के बट से उनके सिर पर वार कर दिया।
54 हजार रुपए छीनकर अपराधी फरार
इस हमले में जफार उद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद अपराधी उससे 54 हजार रुपए छीनकर फरार हो गया। पीड़ित की स्थिति नाजुक बताई जा रही है और उन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने घायल व्यापारी को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान हो सके।
इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।
